छठ पूजा से एक दिन पहले सोमवार को जालंधर की मुख्य नहर की सफाई और पानी न छोड़ने के लिए लोगों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने नहर के पास ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने रोड जाम कर टायर फूंककर प्रदर्शन भी किया। इससे जालंधर-कपूरथला का यातायात करीब एक घंटा ठप हो गया। सूचना पाकर एसीपी वेस्ट रविंदरपाल संधू मौके पर पहुंचे।
उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि वे प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर इसका उचित हल निकलवाने का प्रयास करेंगे। इसके बाद लोग शांत हुए। यातायात सुचारु रूप से चलवाया जा सका।
प्रमोद यादव ने बताया कि उन्होंने छठ पूजा के चलते काफी दिन पहले ही शिष्टमंडल लेकर डीसी से मांग की थी कि बस्ती बावा खेल की सफाई करवाई जाए। क्योंकि उस दिन भारी संख्या में महिलाओं ने पूजा के लिए नहर में आना है।
नहर का पानी बिलकुल सूख चुका था। उसमें सफाई की जरूरत थी। वह सोमवार को पहुंचे तो देखा कि नहर गंदगी से भरी हुई थी और पानी तक नहीं छोड़ा गया था। उन्होंने कहा कि मंगलवार को छठ पूजा कैसे होगी, इसको लेकर प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया है।