थाना लक्खोके बहराम के तहत गांव मतड़ हिठाड़ में जमीन के विवाद में ससुरालियों ने गोली मारकर बहू की हत्या कर दी। लगभग पंद्रह साल शादी के बाद बहू के बच्चा न होने के कारण ससुराल वाले उससे नफरत करते थे और उसके हिस्से की जमीन लेने के लिए पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। उधर, मृतक महिला के भाई के बयान पर थाना लक्खोके बहराम पुलिस ने शनिवार को ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मामला दर्जकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी आरोपी फरार हैं।
जीत सिंह निवासी कलू अराइयां हिठाड़, थाना ममदोट जिला फिरोजपुर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसकी बहन माला रानी की शादी जोगिंदर सिंह पुत्र टहल सिंह के साथ लगभग 16 साल पहले हुई थी। शादी के बाद बहन के घर कोई बच्चा नहीं हुआ। ससुराली माला के बच्चा न होने पर उससे नफरत करते थे। माला अपने पति के साथ ससुरालियों से अलग रहती थी।
यह भी पढ़ें- शादी के लिए नई शर्त, प्रदेश से बाहर गई बरात तो दूल्हा-दुल्हन समेत बराती होंगे होम क्वारंटीन
माला का घर काफी नीचे थे, बारिश के दिनों में पानी भर जाता था। माला मिट्टी डलवाने लगी थी। ससुराल वाले उसे ऐसा नहीं करने दे रहे थे। क्योंकि आरोपी उसकी जमीन हड़पना चाहते थे। जीत ने बताया कि माला घर पर तंदूर में रोटी बना रही थी कि सभी आरोपी उसके घर पहुंच गए। आरोपियों ने 12 बोर बंदूक से माला पर गोली दाग दी। गोली माला की पीठ पर लगी और उसकी मौत हो गई।
वारदात की तफ्तीश कर रहे सब-इंस्पेक्टर गुरभेज सिंह के मुताबिक जीत सिंह के बयान पर आरोपी टहल सिंह, बगीचा सिंह, मेजर सिंह, महिंदो बीबी, बलविंदर सिंह व जीत सिंह पुत्र टहल सिंह के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है। सभी आरोपियों की तलाश जारी है।