जालंधर। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने संबंधी दिशा-निर्देश जारी करते हुए डीसी घनश्याम थोरी ने कहा कि कोविड की दूसरी लहर के चलते इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को ऑनलाइन मनाया जाएगा। डीसी ने सहायक कमिश्नर जनरल हरदीप सिंह, जिला आयुर्वेदिक और यूनानी अधिकारी कम नोडल अधिकारी डॉ. जोगिन्द्र पाल और डॉ. चेतन मेहता से बैठक दौरान इस बार विषय ‘बी विद योगा, बी एट होम’ की पालना करते हुए घर में ही योग दिवस मनाने के निर्देश दिए हैं। डीसी ने कहा कि स्वास्थ्य सबसे बड़ा धन है और इसे बनाए रखने के लिए सभी को शारीरिक व्यायाम और योग करना चाहिए, जो मानसिक तौर पर भी तंदुरुस्त रखता है।
योग दिवस के नोडल अधिकारी डॉ. जोगिन्द्र पाल ने बताया कि इस संबंधित आयुर्वेदिक विभाग के डायरेक्टर डॉ. पूनम विशिष्ट के निर्देशों अनुसार विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग के साथ ऑनलाइन प्रशिक्षण और अभ्यास के सेशन आयुर्वेदिक मेडिकल अधिकारियों की तरफ से शुरू कर दिए गए हैं, जिसमें आने वाले दिनों में और तेजी लाई जाएगी। इस अभियान के अंतर्गत फेसबुक लाइव और जूम मीटिंग के द्वारा स्कूल के बच्चों, सरकारी और प्राइवेट दफ्तरों के कर्मचारियों और आम लोगों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।