उपमंडल के गांव कंधवाला अमरकोट निवासी व संगरिया थाना क्षेत्र में विवाहित एक महिला की वीरवार रात को उसके पति ने शराब के नशे में धुत्त होकर ईंटों से वार कर हत्या कर दी। संगरिया पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर मामला दर्ज कर उसके पति को काबू कर लिया।
कंधवाला अमरकोट निवासी मेनपाल पुत्र बीरबल राम ने बताया कि 2002 में उनकी बहन सुनीता की शादी थाना संगरिया के गांव ढांबा के निकट 12 आरडी हेड ढाणी निवासी कालूराम से हुई थी। शादी के बाद उसके घर एक बेटा और एक बेटी ने जन्म लिया। मेनपाल ने बताया कि कालूराम शराब पीने का आदी था और उसकी बहन उसे ऐसा करने से रोकती थी। इसी बात को लेकर अक्सर दोनों में झगड़ा होता था। उन्होंने बताया कि वीरवार रात करीब साढे़ 9 बजे कालूराम ने सुनीता के माथे व सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद सूचना मिलने पर संगरिया थाना प्रभारी इंद्र कुमार वर्मा अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और शव को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। इधर यह दुखद समाचार मिलते ही सुनीता के परिजन भी गांव ढाबा पहुंच गए। मेनपाल द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कालूराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शुक्रवार सुबह उसे गांव में ही काबू कर लिया। पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।