राज्य के लोग ज्यादातर हिमाचल के पर्यटन स्थलों की ओर भागते हैं, लेकिन
जम्मू-कश्मीर टूरिज्म ने पर्यटकों को अपनी ओर खींचने के लिए जम्मू से कुछ
दूरी पर कई नए स्थलों को विश्व प्रसिद्ध बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
इसका बड़ा फोकस पंजाब पर किया जा रहा है। चंडीगढ़, लुधियाना के बाद
जम्मू-कश्मीर टूरिज्म ने जालंधर में शनिवार को रोड शो निकाला। इस दौरान
जेएंडके टूरिज्म विभाग के भील अधिकारी भी मौजूद रहे।
जेएंडके टूरिज्म के
डायरेक्टर आरके वर्मा के मुताबिक हर साल एक करोड़ यात्री जम्मू-कश्मीर में
माता वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रा पर जाते हैं। कश्मीर व श्रीनगर को छोड़
दिया जाए, तो जम्मू को बतौर टूरिज्म स्थल बनाना समय की जरूरत बन गई है।
वर्मा के मुताबिक पंजाब के लोग नजदीक पड़ते पर्यटन स्थल को ही बढ़ावा देते
हैं। इस वजह से शिमला, धर्मशाला, डलहौजी में काफी भीड़ रहती है। इसलिए अब
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री ने जम्मू के समीप पड़ते पर्यटन स्थलों को
प्रमोट करने का फैसला लिया है। डायरेक्टर वर्मा ने कहा कि जम्मू समीप
पतनीटॉप के अलावा सानासर इलाके को भी पर्यटन स्थल के तौर पर आगे बढ़ाया जा
रहा है। इस दौरान जेएंडके के कई नामचीन होटल मालिक भी मौजूद थे।