जालंधर ब्लास्ट में सात टीमें खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
जालंधर में हुए धमाके की जांच अब राष्ट्रीय स्तर की एजेंसियों तक पहुंच गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी और इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीमें जांच में जुट गई हैं। दोनों एजेंसियां स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर हर पहलू की गहन पड़ताल कर रही हैं।
सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां धमाके के पीछे किसी आतंकी मॉड्यूल, विदेशी कनेक्शन या संगठित साजिश की संभावना को भी खंगाल रही हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सात टीमों ने खंगाली है। शुक्रवार को एक दर्जन से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए जांच में शामिल किया गया।
जांच एजेंसियां संदिग्ध गतिविधियों, मोबाइल लोकेशन और सोशल मीडिया लिंक की भी पड़ताल कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच का फोकस इस बात पर है कि धमाके में इस्तेमाल सामग्री कहां से लाई गई और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हर एंगल से जांच जारी है और जल्द ही बड़े खुलासे हो सकते हैं। शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।