-स्टाफ की कमी को पूरा करने विभाग ने शुरू की प्रक्रिया
-पहले पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए सरकारी अस्पतालों में सेवाएं की थी अनिवार्य
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। स्वास्थ्य विभाग पंजाब में 553 हाउस सर्जन की भर्ती करेगा। विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है, ताकि इच्छुक उम्मीदवार आवेदन कर सकें। इससे पहले विभाग ने डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (एमडी) और मास्टर ऑफ सर्जरी (एमएस) करने के बाद डॉक्टरों के लिए सरकारी अस्पतालों में अपनी सेवाएं देना अनिवार्य किया था।
विभाग के अनुसार उम्मीदवार www.nhm.punjab.gov.in पर जाकर किसी भी तरह की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सभी जिलों में 26 मई को सुबह 10 बजे सिविल सर्जन ऑफिस पर भर्ती के लिए काउंसलिंग होगी। विभाग के अनुसार अमृतसर में 25, बरनाला 17, बठिंडा 29, फिरोजपुर 14, फाजिल्का 17, फतेहगढ़ साहिब 11, फरीदकोट 12, गुरदासपुर 25, होशियारपुर 35, जालंधर 47, कपूरथला 23, लुधियाना 46, मोगा 10, मानसा 17, मलेरकोटला 8, श्री मुक्तसर साहिब 21, पठानकोट 11, पटियाला 50, रूपनगर 22, संगरूर 29, एसबीएस नगर 12, मोहाली 25 और तरनतारन में 17 हाउस सर्जन की भर्ती की जाएगी। इसी के तहत पहली बार मार्च माह में 255 विशेषज्ञ डॉक्टरों की जिला, सब डिवीजनल अस्पतालों और कम्युनिटी हेल्थ सेंटरों पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की थी। पीजी कोर्स जॉइन करते हुए यह बॉन्ड किया जाता है, जिसके तहत हर डॉक्टर को कोर्स पूरा करने के बाद सरकारी अस्पतालों में अपनी सेवाएं देनी होती है। पंजाब सरकार की तरफ से अब तक इसे सख्ती से लागू नहीं किया जा रहा था। प्रदेश के अस्पतालों में अभी फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 72 प्रतिशत विशेषज्ञ डॉक्टर कम हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 336 डॉक्टरों की जरूरत है, जबकि स्वीकृत सिर्फ 298 पद हैं। इन केंद्रों पर सिर्फ 55 विशेषज्ञ डॉक्टर ही काम कर रहे हैं।