सतगुरु रविदास के 649वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में वाराणसी के लिए जाने वाली विशेष बेगमपुरा एक्सप्रेस आज दोपहर 3:40 बजे जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। ट्रेन संत निरंजन दास की अध्यक्षता में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना होगी।
पंजाब के विभिन्न जिलों से हजारों श्रद्धालु आज सुबह से ही जत्थों के रूप में जालंधर रेलवे स्टेशन पहुंच रहे हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार करीब 3 हजार श्रद्धालु ट्रेन से रवाना होते हैं, जबकि उन्हें छोड़ने आने वालों की संख्या इससे तीन गुना अधिक होती है। ऐसे में स्टेशन और आसपास के इलाकों में भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की संभावना है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे कम से कम एक घंटा पहले घर से निकलें।
सुबह से धार्मिक कार्यक्रम, लंगर
वीरवार सुबह से ही जिले में धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई है। बीएसएफ चौक से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो सिटी रेलवे स्टेशन तक पहुंचेगी। सामाजिक संगठनों और डेरा बल्लां से जुड़े सेवादारों ने देर शाम तक तैयारियां पूरी कर ली थीं।
इन रूटों से स्टेशन पहुंचेगी संगत, ट्रैफिक पर खास नजर
रेलवे स्टेशन पर किशनपुरा, रेलवे कॉलोनी, बूटा पिंड, बीएसएफ चौक, रामामंडी, माई हीरा गेट समेत कई मार्गों से संगत पहुंचेगी। इसे देखते हुए पुलिस ने बैरिकेडिंग और डायवर्जन लागू किए हैं, ताकि आम वाहन चालकों को अधिक परेशानी न हो।
हाल ही में फतेहगढ़ साहिब में रेलवे ट्रैक ब्लास्ट की घटना के बाद रेलवे नेटवर्क को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इसी कारण जालंधर स्टेशन पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।
जॉइंट कमिश्नर संदीप शर्मा ने बुधवार को खुद स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। उनके साथ पंजाब पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्लेटफॉर्म और ट्रैक पर लगातार गश्त की जा रही है, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्प काउंटर भी स्थापित किए गए हैं।
एक फरवरी को मुख्य समारोह
श्री गुरु रविदास एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट और विभिन्न संस्थाओं द्वारा। 31 जनवरी को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। 1 फरवरी को गुरु रविदास जी का 649वां प्रकाश पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। शोभायात्रा सतगुरु रविदास धाम बूटा मंडी से शुरू होकर गुरु रविदास चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, मिलाप चौक, बस्ती अड्डा समेत कई क्षेत्रों से होती हुई वापस धाम में संपन्न होगी। पूरे इलाके को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है।
पीएम मोदी की यात्रा को लेकर आज पहुंचेगी सिक्योरिटी टीम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक फरवरी को डेरा सचखंड बल्लां में नतमस्तक होंगे। इसे लेकर आज उनकी सिक्योरिटी टीम जालंधर पहुंचेगी, जो आयोजन स्थल और शहर के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा का रिव्यू करेगी। पीएम मोदी आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा डेरा बल्लां जाएंगे।