डब्ल्यूडब्ल्यूई के हैवीवेट चैंपियन दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली की ओर
से उत्तराखंड के देहरादून में फाइटिंग शो करवाया जाएगा। यह शो अक्तूबर में
होगा। इसमें खली खुद की एकेडमी के रेसलरों को एक्सपोज करेंगे। खली जालंधर
के होशियारपुर रोड पर पड़ते गांव कंगनीवाला में कांटीनेंटल रेसलिंग
एंटरटेनमेंट के नाम से रेसलिंग एकेडमी चला रहे हैं। इसमें वे करीब 50
युवाओं को डब्ल्यूडब्ल्यूई की ट्रेनिंग दे रहे हैं। रेसलिंग का प्र्रशिक्षण
लेने वालों में कुछ लड़कियां भी शामिल हैं।
विशेष बातचीत के दौरान खली
ने कहा कि फाइटिंग शो में विदेशी और इंडियन रेसलरों के बीच में जबरदस्त
मुकाबला होगा। भारत की ओर से भागेदारी करने वाले रेसलर खली की एकेडमी से ही
होंगे। खली ने कहा कि इस मुकाबले से भारतीय रेसलरों को नई पहचान मिलेगी।
यह फाइटिंग शो दो दिन तक करवाया जाएगा। फिलहाल अभी मैच का दिन फाइनल नहीं
है, शायद 21 और 25 अक्तूबर को फाइटिंग शो करवाने की बात हो रही है। खली ने
कहा कि भारतीय और विदेशी रेसलरों में होने वाला यह मुकाबला कई रेसलरों को
नई पहचान देगा। इस फाइटिंग शो के दौरान देश के बेहतरीन रेसलरों का चयन किया
जाएगा, जिन्हें विदेशों में ट्रेनिंग दी जाएगी।
इसके बाद रेसलर को
डब्ल्यूडब्ल्यूई में फाइटिंग तक करने का मौका मिल सकता है। चयनित होने वाले
रेसलरों को अमेरिका के शहर फ्लोरिडा में प्रशिक्षण दिया जाएगा। खली ने कहा
कि अलग-अलग देशों से रेसलरों को भारत आने का न्योता दिया गया है। इस मौके
को हासिल करने के लिए एकेडमी के रेसलर पूरा दिन अभ्यास कर रहे हैं। खली खुद
एकेडमी के बेहतरीन 20 रेसलरों को खास प्रशिक्षण दे रहे हैं। ये सभी रेसलर
अक्तूबर में होेने वाले फाइटिंग शो में भागेदारी करेंगे।
खली ने कहा कि
यूएसए की अलग-अलग स्टेट के प्रसिद्ध रेसलर इस फाइटिंग शो का हिस्सा बनेंगे।
इनमें से कई रेसलर डब्ल्यूडब्ल्यूई के भी होंगे। खली ने कहा कि जब तक
विदेशी रेसलरों की ओर से भारत आने की पुष्टी नहीं की जाती है, तब तक वह
रेसलरों के नाम नहीं बताएंगे। खली ने कहा कि उत्तराखंड का फाइटिंग शो सफल
होने के बाद वह दिल्ली में एक ओर फाइटिंग शो करवाएंगे। इसके लिए दिल्ली
सरकार से बातचीत की जाएगी। दलीप सिंह राणा ने कहा कि एकेडमी में स्टूडेंट्स
ज्यादा होने से वह एक नई रेसलिंग रिंग बनाने जा रहे हैं।