जीरा (फिरोजपुर)। गांव घुदूवाला में जमीन के बंटवारे पर पिता-पुत्र में झगड़ा हो रहा था। इस दौरान 14 साल के पोते की गोली लगने से मौत हो गई। बेटे ने पिता को मारने के लिए गोली चलाई थी और पोता दादा को बचाने के लिए बीच में आ गया। यह घटना वीरवार को हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएचओ जतिंद्र सिंह ने बताया कि गांव घुदूवाला निवासी परमजीत सिंह का पिता केहर सिंह के साथ कुछ समय से जमीन के बंटवारे पर झगड़ा चला रहा था।
वीरवार को फिर से परमजीत और केहर सिंह आपस में झगड़ने लगे। परमजीत ने गुस्से में आकर अपने पिता पर गोली चला दी। इस दौरान परमजीत का बेटा महकप्रीत सिंह (14) दादा को बचाने के लिए बीच में आ गया। गोली महकप्रीत के सीने में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एसएचओ ने कहा कि परमजीत सिंह को बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने जीरा के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।