जालंधर। जालंधर में सोमवार को सर्जिकल कांप्लेक्स स्थित मेट्रो मिल्क फैक्टरी में अमोनिया गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया। इसके बाद फैक्ट्री की दीवार तोड़कर कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। क्रेन की सहायता से 30 मजदूरों को निकाला गया है जिनको इलाज के लिए अस्पताल दाखिल करवाया गया है। हालात यह थे मजदूरों को बचाने के लिए दीवार तोड़नी पड़ी। गैस लीक होने के तुरंत बाद फैक्टरी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। उस समय फैक्टरी के अंदर करीब 30 लोग मौजूद थे जो गैस रिसाव के कारण अंदर ही फंस गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए राहत-बचाव दल को तुरंत मौके पर बुलाया गया।
राहत कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया। फैक्टरी की दीवार को तोड़कर क्रेन की मदद से अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। गैस के रिसाव के कारण आसपास के इलाकों में भी लोगों को सतर्क कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की जनहानि न हो। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। मेडिकल टीम को भी अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी घायल को तुरंत उपचार मिल सके। फिलहाल गैस रिसाव के कारणों का पता लगाया जा रहा है और हालात पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं। मेट्रो दूध व दही की बड़ी फैक्टरी है जहां से पंजाब के कई हिस्सों में दूध व दही सप्लाई होता है।