संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट जिला पुलिस ने यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गुरलाल सिंह पहलवान की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता व राजस्थान की हाई सिक्योरिटी अजमेर जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के सीजेएम हरविंदर सिंह सिधियां की अदालत से 22 मार्च के लिए नया प्रोडक्शन वारंट जारी कराया है। इससे पहले पुलिस ने 1 17 मार्च के लिए वारंट हासिल किया था। सुरक्षा कारणों के चलते आवेदन देकर पुलिस ने नया वारंट हासिल किया है। मामले के दूसरे मुख्य साजिशकर्ता व कनाडा में बैठे सतिंदर सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ के भी पुलिस ने अदालत से ओपन वारंट हासिल किया है।
यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गुरलाल सिंह पहलवान की 18 फरवरी को जुबली सिनेमा चौक पर बाइक सवार दो शूटरों ने अंधाधुंध फायरिंग करके हत्या कर दी है। घटना के चार घंटे बाद ही अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई ने अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट डाल कर हत्याकांड की जिम्मेवारी खुद व गोल्ड़ी बराड़ कनाडा के नाम पर ली थी और इसे पिछले साल चंडीगढ़ में हुई अपने एक साथी व गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई गुरलाल बराड़ की हत्या का बदला करार दिया था।
लारेंस के जिम्मेवारी लेने वाली पोस्ट, उस समय पुख्ता हो गई जब घटना के दो दिन बाद 20 फरवरी को दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने इस हत्या कांड मामले में कोटकपूरा के गुरिंद्रपाल गोरा को उसके दो साथियों फरीदकोट के सुखविंदर सिंह सन्नी व सौरभ वर्मा के साथ दिल्ली में गिरफ्तार कर लिया। इनमें से गोरा, चंडीगढ़ में मारे गए गुरलाल बराड़ का बहनोई है। इसके बाद पुलिस ने लारेंस व गोल्डी को केस के मुख्य साजिशकर्ताओं के रूप में नामजद किया गया था।
पुलिस ने इस केस में अब तक गिरफ्तार कुल 8 आरोपियों के रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में जेल चले जाने के बाद लारेंस बिश्नोई से पूछताछ की तैयारी कर ली है। इसके लिए फरीदकोट पुलिस ने सीजेएम की अदालत में लारेंस बिश्नोई के प्रोडक्शन वारंट के लिए आवेदन दिया था। अदालत ने 17 मार्च के लिए वारंट जारी कर दिया था। 17 को पेशी संभव न होने के चलते पुलिस ने 22 मार्च का नया वारंट जारी करवा लिया। गुरलाल हत्याकांड में अभी तक पुलिस ने कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें से तीन दिल्ली पुलिस ने काबू करके फरीदकोट पुलिस को सौंपे थे। इस केस में हत्या करने वाले दो शूटर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।