फिरोजपुर। तलवंडी भाई चौक पर बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार 39 वर्षीय युयवक की मौत हो गई। मृतक की मां के बयान पर थाना तलवंडी भाई ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दिए गए बयान में कुलविंदर कौर निवासी गांव कालिए वाला ने बताया उसका बेटा सुखचैन सिंह (39) तलवंडी भाई में खराद का काम करता है। सोमवार की रात साढ़े आठ बजे बाइक पर सवार होकर तलवंडी भाई जा रहा था। तलवंडी भाई चौक पर बोलेरो गाड़ी ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे सुखचैन जख्मी हो गया। उसे स्थानीय अस्पताल से मोगा के अस्पताल में रेफर कर दिया। वहां उसकी मौत हो गई। सबइंस्पेक्टर जोगराज सिंह के मुताबिक आरोपी बोलेरो चालक गुरमीत सिंह वासी मंगेवाला जीरा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।