ढिलवां (कपूरथला)। कार चुराकर उन्हें स्क्रैप करके पुर्जें निकालकर बेचने वाले गिरोह का थाना ढिलवां की पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके पास से 10 चोरी की कारों का स्क्रैप किया हुआ सामान भी बरामद किया है। थाना ढिलवां में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच तेज कर दी गई है।
डीएसपी भुलत्थ सुरिंदर पाल ने बताया कि 6 जुलाई की रात को अजायब सिंह निवासी गांव पत्ती लाधू की ढिलवां की जैन कार चोरी हुई थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी करके ले गए थे। पुलिस ने उक्त मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इस वारदात को ट्रेस करने के लिए डीएसपी (डी) गुरमीत सिंह की देखरेख में सीआईए इंचार्ज, एसएचओ और टेक्नीकल स्टाफ पर आधारित एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने बेहतरीन तालमेल से काम करते हुए चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को काबू किया है।
इनकी पहचान जर्मनजीत सिंह उर्फ आकाश, किशन व प्रवीन कुमार उर्फ आकाश तीनों निवासी गुरु नानकपुरा मेन रोड ब्यास अमृतसर के रूप में हुई है। इनके कब्जे से पुलिस टीम ने लगभग 10 कारों के स्क्रैप किया हुआ सामान भी बरामद कर लिया गया है। डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने माना है कि उन्होंने ही गांव पत्ती लाधू की ढिलवां से जैन कार चोरी की थी। उन्होंने गांव तलवंडी कूकां से जैन कार, अमृतसर से हांडा सिटी, पठानकोट चौक जालंधर से वैगनार कार, होशियारपुर से बेलैरो गाड़ी, जालंधर से एक जैन कार व एक अन्य कार, मोहल्ला धर्मकोट फगवाड़ा से तीन कारें चोरी की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।