संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। जिला पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल ने गांव ढिल्लवां कलां के पास से 202 ग्राम हेरोइन और 3600 नशीले कैप्सूल बरामद कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो मोटरसाइकिल भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के निर्देशों पर एएसआई सुखपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी गश्त कर रही थी। अमृतसर-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग के पास कच्चे रास्ते पर दो मोटरसाइकिलों के साथ खड़े चार युवकों पर संदेह होने पर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें नशीले पदार्थ बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनमोल सिंह उर्फ गुन्नू निवासी कोटकपूरा, मनदीप कुमार उर्फ जोनी, हरजिंदर सिंह उर्फ बग्गो निवासी गांव पत्तो हीरा सिंह, जिला मोगा तथा आकाशदीप सिंह उर्फ रोनी निवासी गांव भगता भाईका, जिला बठिंडा के रूप में हुई है।