थाना गुरुहरसहाए की रेलवे बस्ती निवासी एक आढ़ती के घर में कुछ लोग सीबीआई अधिकारी बनकर घुस गए। संदेह होने पर परिवार के लोगों ने दो आरोपियों को दबोच लिया। दो आरोपी भागने में कामयाब हो गए। आढ़ती तरसेम लाल ने बताया कि बुधवार को उनके घर में चार लोग खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर घुस गए। उन्होंने घर की तलाशी लेने की बात कही। आरोपियों ने सभी पारिवारिक सदस्यों को एक कमरे में बैठने को कहा। इसपर तरसेम लाल को शक हो गया।
तरसेम ने उन्हें अपना पहचान पत्र दिखाने को कहा। पहचान पत्र दिखाने की बात कहने पर एक आरोपी ने पिस्तौल निकाल ली। पिस्तौल निकालते ही तरसेम से हाथापाई हो गई और पिस्तौल तरसेम ने छीन ली। पिस्तौल लोड थी। परिवार के बाकी सदस्यों ने आरोपियों पर हमला बोल दिया। उन्होंने दो लोगों को पकड़ लिया। दो आरोपी भागने में कामयाब हो गए। इस संबंधी पुलिस को सूचित किया गया। डीएसपी रविंदर सिंह पुलिस पार्टी समेत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दोनों आरोपियों को पुलिस को सौंप दिया।
डीएसपी रविंदर सिंह ने बताया कि राजिंदर कुमार, कमलेश, भीम और रवि कुमार नामक व्यक्ति नकली सीबीआई अधिकारी बनकर आढ़ती तरसेम के घर लूट करने पहुंचे थे। दो आरोपी पकड़े जा चुके हैं। दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 32 बोर का एक पिस्तौल, नकली सीबीआई पहचान पत्र, सल्फास की गोलियां व एक बाइक बरामद की है।