संवाद न्यूज मोगा
मोगा के बाघापुराना में पुलिस ने चार आरोपियों को तीन पेट्रोल बम सहित गिरफ्तार कर एक गंभीर साजिश को नाकाम कर दिया है। चारों आरोपी फरीदकोट जिले के रहने वाले हैं। फरीदकोट जिले से संबंधित विदेश में बैठे विदेश बैठे गैंगस्टर दीपू के इशारे पर बाघापुराना से मोगा रोड पर स्थित एक शराब के ठेके पर पेट्रोल बम फेंककर दहशत फैलाने और उसके बाद रंगदारी मांगने की योजना थी। इसे पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया।
25 अक्तूबर को मोगा के गांव माड़ी मुस्तफा में सेनेटरी और साइकिलों की दुकान चलाने वाले डिंपल बांसल की दुकान के बाहर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने पेट्रोल बम फेंका था। उस मामले में पुलिस ने 28 अक्तूबर को बलजिंदर सिंह, वंसप्रीत सिंह और अर्शदीप सिंह (निवासी फरीदकोट) को गिरफ्तार किया था। जिस शराब ठेके पर हमला करना था उस ठेके के मालिक को 2 महीना पहले रंगदारी के कॉल आए थे। इससे 25 लाख रुपये मांगे गए थे।
डीएसपी बाघापुराना दलवीर सिंह ने बताया कि बुधवार रात पुलिस टीम को सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं। शक के आधार पर उन्हें रोका गया और तलाशी लेने पर उनके पास बीयर की तीन बोतलें मिलीं जिनमें पेट्रोल भरा हुआ था। उन्हें बम के रूप में तैयार किया गया था। पुलिस ने मौके से तीन पेट्रोल बम और दो मोटरसाइकिल और बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार, जगसीर सिंह, खुशप्रीत सिंह और सावन सिंह, सभी निवासी फरीदकोट, के रूप में हुई है। उनके खिलाफ थाना बाघापुराना में बीएसएन की धाराएं 109, 308(4), 55, 61(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
रोहित कुमार पर पहले दो आपराधिक मामला दर्ज हैं। खुशप्रीत पर दो और शबन सिंह पर एक आपराधिक मामला दर्ज है। डीएसपी दलवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने विदेश में बैठे इनके मास्टर माइंड दीपू कहने पर ये पेट्रोल बम तैयार किए थे। वे 12 नवंबर की रात को बाघापुराना से मोगा रोड पर स्थित एक शराब ठेके पर आग लगाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा।