संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। 6 नवंबर को जंडियाला में पंसारी की दुकान पर हुई गोलीबारी की घटना में शामिल एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 30 बोर की पिस्तौल, तीन कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
6 नवंबर को जंडियाला में किरपाल सिंह नामक व्यक्ति की पंसारी की दुकान पर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी और फरार हो गए थे। इस मामले में थाना जंडियाला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान तीन आरोपियों आकाश, रवि और उज्जवल को नामजद किया था। बुधवार देर रात को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी उज्जवल पुत्र मनोहर लाल निवासी पीडब्ल्यूडी कॉम्प्लेक्स, बटाला रोड, अमृतसर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायर किया जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। एक गोली आरोपी की टांग में लगी और उसे काबू कर लिया गया। जख्मी आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है और उसके बाकी के साथियों को भी पकड़ने की कोशिश की जा रही है।