संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। गांव बुट्टर कलां में नशा छुड़ाओ केंद्र में युवकों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 10 दिन पहले दर्ज किए केस में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जोगिंदर सिंह, करतार सिंह, अजय कुमार व मनदीप सिंह शामिल हैं। उनके पास से दो गाड़ियां भी बरामद हुई हैं। इस मामले में 19 लोगों को नामजद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी जोगिंदर सिंह के खिलाफ चार, अजय के खिलाफ चार व करतार सिंह के खिलाफ तीन मामले पहले से दर्ज हैं। बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
डीएसपी निहाल सिंह वाला परमजीत सिंह ने बताया कि चार जुलाई की शाम को जिला प्रशासन, पुलिस व सेहत विभाग की ओर से गांव बुट्टर कलां में नवजोत वेलफेयर सोसाइटी ड्रग और परामर्श पुनर्वास केंद्र, अवैध नशा छुड़ाओ केंद्र दबिश देकर वहां से 59 युवकों छुड़वाया गया था। इन युवकों को वहां जबरन बंधक बनाकर रखा हुआ था। पुलिस को पुराना मोगा निवासी वीरेंद्र पाल सिंह गोपी ने बयान में बताया कि वह पिछले तीन साल से हेरोइन का नशा करता आ रहा था। बाद में उसने नशा छोड़ने का मन बना लिया। 9 मई को उसके परिवार को उनके जानकार केंद्र संचालक अमृतसर रोड मोगा निवासी गैरी अरोड़ा ने कहा कि वह बिना फीस के उसे नशा छुड़ाओ केंद्र में दाखिल करके उसका इलाज करेगा। इसके बाद वह उसे अपने गांव बुट्टर कलां स्थित सेंटर ले गया। जहां उनको जबरन बंधक बना कर रखा गया था। पुलिस ने 7 जुलाई को उसके बयान पर गैरी अरोड़ा, गांव शामगढ़ समराला निवासी करतार सिंह, अजय कुमार, जगरांव निवासी हरमन सिंह, रायकोट निवासी जोत, बाघापुराना निवासी अर्श, समराला निवासी राजा के खिलाफ साजिश के तहत बंधक बनाकर रखकर मारपीट करने, अगवा करने, धमकी देने, अवैध ढंग से सेंटर चलाने के मामले में केस दर्ज किया था।