संवाद न्यूज एजेंसी
होशियारपुर। मंडियाला में हुए एलपीजी टैंकर विस्फोट हादसे के बाद होशियारपुर पुलिस ने एलपीजी चोरी रैकेट में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संदीप मलिक ने प्रेसवार्ता में बताया कि विस्फोट के बाद मंडियाला के कई निवासियों ने आरोप लगाया था कि मंडियाला बॉटलिंग प्लांट के रास्ते में दो खास जगहों के पास टैंकरों से एलपीजी की चोरी हो रही थी। इन आरोपों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में बड़े गैस चोरी के मामले का खुलासा हुआ। कुल 50 गैस सिलेंडर, नौ तेल के ड्रम और अवैध रूप से गैस भरने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कई जुगाड़ू पाइप और नोजल बरामद किए गए। पुलिस ने इस अवैध गतिविधि में शामिल होने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान राम नगर ढैहा निवासी सुखचैन सिंह उर्फ सुक्खा, झंडी (थाना बुल्लोवाल) निवासी अवतार सिंह उर्फ मट्टी और जालंधर के लम्मा पिंड निवासी दो भाइयों रमेश कुमार और राज कुमार के रूप में हुई है। सुखचैन सिंह ने अपने गांव के बाहरी इलाके में अपने घर में एक पशुशाला बना रखी थी, जहां वह टैंकर चालकों की मदद से अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडर भरता था। अवतार सिंह झंडी स्थित अपने टेंट हाउस से यह धंधा चला रहा था। रमेश कुमार और उसका भाई राज कुमार भी ड्राइवरों की मिलीभगत से एलपीजी चोरी करते थे। ये लोग कुछ टैंकर चालकों के साथ मिलकर एचपी गैस प्लांट के लिए बने टैंकरों से अवैध रूप से गैस निकालकर उसे अनधिकृत बिक्री के लिए घरेलू सिलेंडरों में भरते थे।
एसएसपी मलिक ने कहा कि अगर प्लांट के किसी भी अधिकारी की संलिप्तता पाई जाती है, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि 22 अगस्त की रात लगभग 10 बजे महिंद्रा पिकअप की टक्कर से एलपीजी से भरे टैंकर में जोरदार विस्फोट हुआ था।