संवाद न्यूज एजेंसी
होशियारपुर। कोट फतुही गांव में करीब 4.52 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। चब्बेवाल के विधायक डॉ. इशांक कुमार ने गांव का दौरा कर नई डिस्पेंसरी का नींव पत्थर रखा। इन कार्यों में सड़कें, स्वास्थ्य सुविधा, सीवरेज और अन्य बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं।
विधायक ने बताया कि गांव को जोड़ने वाली कई प्रमुख सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है। इनमें 5.18 किलोमीटर लंबी कोट फतुही-मननहाना-चक मूसा दत्ता चेला सड़क पर 86.77 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। कोट फतुही-मननहाना सड़क पर 55.01 लाख रुपये और कोट फतुही-गढ़शंकर-झज्ज सड़क पर 20.48 लाख रुपये लगाए गए हैं। भगतूपुर-कोट फतुही सड़क पर 33.63 लाख रुपये की लागत आई है। इसके अतिरिक्त, 4.25 किलोमीटर लंबी कोट फतुही-बंगा सड़क का काम 1.44 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा है। यह सड़क बहबलपुर से होकर नगर परिषद सीमा तक जाती है। डॉ. इशांक कुमार ने कहा, गांवों के संतुलित विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना हमारी प्राथमिकता है।
गांव में नालियों और गलियों के कार्य भी करवाए जा रहे हैं। सीवरेज, धर्मशाला की छत और सामुदायिक भवन के कार्य भी प्रगति पर हैं। सौर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम भी इसमें शामिल है। कोट फतुही-पंचता से अजनोहा और कोट फतुही गुरुद्वारा-अनुसूचित जाति बस्ती सड़कों के निर्माण को भी मंजूरी मिल चुकी है।