फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुक्तसर में किसानों ने रोका तो पूर्व मंत्री सांपला धरने पर बैठे, पुलिस ने हिरासत में लेकर छोड़ा

Thu, 15 Oct 2020 06:08 PM IST
पंजाब ब्‍यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मुक्तसर (पंजाब)
विज्ञापन
धरनास्थल से पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला को उठा हिरासत में ले जाती पुलिस। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

जलालाबाद के एक में अनुसूचित जाति के युवक के साथ हुए अमानवीय अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने जा रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला को गांव महाबद्धर के पास किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। भारतीय किसान यूनियन सिद्धपुर ग्रुप के जिला अध्यक्ष सुखदेव सिंह के नेतृत्व में किसानों ने कृषि कानूनों का विरोध करते हुए सड़क पर जाम लगा सांपला और अन्य भाजपाइयों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

विज्ञापन


वहीं अत्याचार के शिकार युवक को इंसाफ दिलाने की बात कहकर सांपला भी आगे बढ़ने की बात पर अड़ गए और किसानों के सामने धरने पर बैठ गए। विवाद बढ़ता देख करीब आधे घंटे बाद पुलिस ने सांपला सहित भाजपाइयों को हिरासत में लेकर बस में बैठाया और कोटकपूरा तक पहुंचा दिया। वहां से कोटकपूरा पुलिस ने सांपला को फरीदकोट छोड़ दिया। बाकी भाजपा नेता कोटकपूरा से मुक्तसर लौट आए।

पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने से पहले सांपला ने कहा कि यह विरोध किसान नहीं, बल्कि किसानों की आड़ में कांग्रेसी कर रहे हैं। कांग्रेस यूथ के जिला अध्यक्ष गुरदास सिंह भी विरोध करने वालों में शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति के युवक पर अत्याचार करने वाले भी कांग्रेसी ही हैं। इसलिए वे उन्हें गांव तक नहीं जाने देना चाहते है लेकिन वह हर हाल में गांव पहुंचकर पीड़ित को इंसाफ दिलवाएंगे। हालांकि इस दौरान उन्होंने कृषि कानूनों के बारे में कोई बात नहीं की।

विज्ञापन
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब नौ बजे सांपला बठिंडा रोड स्थित कैनाल रेस्ट हाउस पहुंचे। वहां उन्होंने पत्रकारों से बात की। इसके बाद सांपला व अन्य भाजपाइयों को जलालाबाद के एक गांव जाना था, जहां मुक्तसर के एक युवक के साथ अत्याचार के विरोध में आवाज उठानी थी। किसानों की तरफ से विरोध के एलान के बाद पुलिस प्रशासन कड़े सुरक्षा घेरे में सांपला को गांव तक ले जाने वाला था लेकिन महाबद्धर के पास दौरे में खलल पड़ गया।

इससे पहले रेस्ट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान सांपला ने आरोप लगाया कि अजा युवक से मारपीट करने वाले लोग कांग्रेस से संबंधित हैं। यह घटना आठ अक्तूबर की है, मगर पुलिस ने दबाव में आकर एक सप्ताह बीतने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।

हाथरस कांड में तो विभिन्न दलों के नेता पीड़ित परिजनों से मिलने जा पहुंचे थे मगर इस मुद्दे में अभी तक किसी दल ने कोई आवाज नहीं उठाई। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पठेला गोरा, मंडल अध्यक्ष तरसेम गोयल, महामंत्री जीवन शर्मा, संदीप गिरधर, अश्वनी गिरधर, अनुराग शर्मा, कुलदीप भंगेवाला, राजकुमार मेलू समेत अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

किसानों की आड़ में यूथ कांग्रेसी जता रहे विरोध: कालिया
भाजपा के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया ने पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला को हिरासत में लेने की निंदा की है। कालिया ने कहा कि सांपला को किसानों के आंदोलन का बहाना बनाकर हिरासत में लिया गया। सच्चाई यह है कि किसानों की आड़ लेकर यूथ कांग्रेसी कार्यकर्ता विरोध जता रहे थे। कांग्रेस अपने राजनीतिक मनोरथ पूरे करने के लिए किसानों के आंदोलन को हवा दे रही है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें