मुक्तसर। कोटकपूरा रोड पर गांव वड़िंग जुड़वां नहरों के पास सोमवार की देर रात को दो कारों के बीच हुई टक्कर में एक कार में सवार मां-बेटे की मौत हो गई है। जबकि इस हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में पूर्व मंत्री जत्थेदार तोता सिंह का पीए जगसीर सिंह (35) तथा उनकी मां परमजीत कौर (60) शामिल हैं।
जानकारी अनुसार धर्मकोट निवासी पूर्व मंत्री जत्थेदार तोता सिंह का पीए जगसीर सिंह अपनी मां परमजीत कौर, पत्नी अमृतपाल कौर (35) और बेटी अभिजोत कौर (8) के साथ सोमवार की देर रात मुक्तसर अपनी रिश्तेदारी में आ रहे थे। वे यहां अपनी रिश्तेदारी में किसी नवजन्मे बच्चे की खुशी में शरीक होने आ रहे थे। जैसे ही उनकी आइकोन फोर्ड कार कोटकपूरा रोड स्थित वड़िंग गांव में जुड़वां नहरों के पास पहुंची तो सामने से आ रही तेज रफ्तार वरना कार ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। इससे जगसीर सिंह के परिवार सहित दूसरी कार में सवार दोनों लोग भी घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल व अन्य प्राइवेट अस्पतालों में दाखिल कराया गया। मगर इस दौरान जगसीर सिंह व उसकी मां परमजीत कौर को मृत घोषित कर दिया गया।
वरना कार में सवार दोनों घायलों में श्री गंगानगर निवासी भगवंत सिंह तथा जगतार सिंह शामिल हैं। भगवंत सिंह को जिला सिविल अस्पताल से फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। अमृतपाल कौर, अभिजोत कौर तथा जगतार सिंह मुक्तसर के प्राइवेट अस्पताल में इलाजरत हैं। उधर, इस मामले में थाना बरीवाला पुलिस ने मृतक जगसीर सिंह की घायल पत्नी अमृतपाल कौर के बयान पर उनकी कार टक्कर मारने वाली वरना कार के चालक भगवंत सिंह के खिलाफ लापरवाही के साथ ड्राइविंग करने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी भगवंत सिंह आप के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद भगवंत मान का पूर्व पीए बताते हैं।