मुक्तसर लौटने पर पुनीत राजौरिया का स्वागत करते डीईओ दविंदर राजौरिया व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
तेलंगाना में संपन्न हुई 61वीं नेशनल स्कूल गेम्स फुटबॉल चैंपियनशिप 2016 में पंजाब की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। टीम में मुक्तसर के डेरा भाई मस्तान सिंह पब्लिक स्कूल का विद्यार्थी पुनीत राजौरिया भी शामिल था। वापस आने पर स्कूल में पुनीत राजौरिया का भव्य स्वागत कर उसे सम्मानित किया गया।
पंजाब की ओर से फुटबाल टीम के साथ जाकर लौटे जनरल मैनेजर राजकुमार और सहायक मैनेजर अमरदीप सिंह ने बताया कि वह अंडर 17 लड़कों की टीम को लेकर तेलंगाना पहुंचे। वहां पर पंजाब का पहला मैच डीएवी ग्रुप से हुआ, जिसमें पंजाब ने एक शून्य से जीत हासिल की। दूसरे मैच में महाराष्ट्र की टीम को दो शून्य से हराकर पूल सी में टॉप किया। क्वार्टर फाइनल में पश्चिमी बंगाल को पेनल्टी शूट आउट में पराजित किया। वहीं सेमीफाइनल में झारखंड की टीम को तीन शून्य से पराजित किया।
फाइनल मैच गोवा की टीम से हुआ। इसमें गोवा की टीम पेनल्टी शूट के दौरान चार तीन से विजयी हुई। पंजाब की टीम दूसरे स्थान पर और झारखंड की टीम तीसरे स्थान पर आई। स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी दविंदर कुमार राजौरिया, स्कूल के चेयरमैन महंत कश्मीर सिंह, प्रिंसिपल मुनीश चोपड़ा, रविंदरपाल सिंह, फुटबाल कोच गुरबाज सिंह, गुरप्रीत सिंह, संदीप सिंह, स्कूल का स्टाफ व विद्यार्थी भी मौजूद थे।