आग मकसूदां के रिकॉर्ड रूम और माल खाने में लगी थी जहां हथियार, बरामद किया हुआ सामान और शराब की पेटियां भी पड़ी हुई थी। आग के कारण कंडम रखे वाहन पूरी तरह से जल गए।
जालंधर देहात पुलिस के थाना मकसूदां में सुबह करीब 11:45 बजे माल गोदाम को भीषण आग लग गई। जिसमें पुरानी इमारत के पीछे पड़े कंडम वाहन और कुछ रिकार्ड जलकर राख हो गया।
विज्ञापन
वहीं खिड़की के जरिए आग माल खाने में पहुंच गई जहां थाना मकसूद पुलिस का रिकॉर्ड, हथियार और विषम परिस्थिति में निपटने के लिए साजो सामान रखा था। जिन्हें फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पुलिस मुलाजिमों के सहयोग से बाहर निकाल लिया। आग कैसे लगी इसका पता नहीं चल पाया है लेकिन जांच करने पहुंचे फायर ब्रिगेड अधिकारी जसवंत सिंह ने कहा कि शॉर्ट सर्किट की संभावना है। घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ, मगर गोदाम में पड़ा वाहनों का कबाड़ जल गया है। घटना के कुछ वीडियो फोटो भी सामने आए हैं, जिसमें काला धुआं दूर से ही उठता हुआ नजर आ रहा है। फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गई थी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया था।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक जहां आग लगी वहां कुछ सिलेंडर भी पड़े हुए थे जिन्हें पुलिस ने समय रहते निकाल लिया। वहीं आग लगने के बाद विंडो एसी में धमाका हुआ जिसमें पुरानी बिल्डिंग की हालत और खस्ता हो गई। फायर ब्रिगेड के अधिकारी जसवंत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दो गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया था। आग थाने के पिछले हिस्से में बने माल गोदाम को लगी थी। आग से थाने में पड़े इंपाउंड किए गए वाहन और अन्य कबाड़ का सामान जलकर राख हो गया था।
फायर ब्रिगेड के अधिकारी जसवंत सिंह ने बताया कि फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। क्योंकि जिस जगह पर आग लगी उक्त जगह पर किसी का आना जाना नहीं था। अभी तक की जांच में व्यतीत हो रहा है कि आग शॉट सर्किट से लगी हो सकती है, क्योंकि माल गोदाम के पास एक बिजली वाला स्विच लगा हुआ था। जल्द मामले की जांच के बाद रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपी जाएगी।