संवाद न्यूज एजेंसी
अबोहर। अबोहर के गांव सुखचैन के निकट बुधवार तड़के तूड़ी से लदे एक ट्राॅले में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों का नुकसान हुआ है। ट्रॉले में लदी तूड़ी जलकर राख हो गई। हालांकि चालक बिट्टू राम और उसके साथी महावीर ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
ट्राॅला राजस्थान के रत्ताखेड़ा से हरियाणा के डबवाली जा रहा था। बुधवार सुबह करीब चार बजे गांव सुखचैन के पास इसमें स्पार्किंग हुई जिससे आग लग गई। सूचना पर अबोहर से पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल विभाग के कर्मचारी बूटा सिंह, भूपेंद्र और प्रदीप मौके पर पहुंचे। सड़क सुरक्षा फोर्स के एएसआई कृष्ण कुमार, योगेश और हिमांश ने भी घटना का जायजा लिया।