फिरोजपुर। जीरा के गांव शाह वाला में लॉकडाउन दौरान दुकान खोलकर नमकीन न देने पर सात लोगों ने दुकानदार को बुरी तरह पीटकर जख्मी कर दिया। घायल को जीरा के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया है। उधर, थाना सदर जीरा पुलिस ने वीरवार को पीड़ित दुकानदार के बयान पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है। सभी आरोपी फरार हैं।ॉ
सतनाम सिंह वासी बगी पतनी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि पिछले 18 साल से गांव शाह वाला में करयाने की दुकान कर रहा है। लॉकडाउन के बाद दुकान बंद करके घर चला गया था। बुधवार रात नौ बजे अपने भाई के साथ स्विफ्ट कार पर सवार होकर दुकान देखने गया था कि वहां पर आरोपी बोहड़ सिंह, अंग्रेज सिंह, भाग सिंह, सोनी पुत्र सूबा सिंह, बलविंदर सिंह, सोनी पुत्र बलकार सिंह व कमल वासी शाह वाला खड़े थे। उसे देख कर सभी आरोपी इकट्ठे होकर उसके पास आ गए और दुकान खोलकर नमकीन के पैकेट देने की बात करने लगे। उसने कहा कि लॉकडाउन के दौरान दुकान नहीं खोल सकता। इतनी बात पर सभी ने उस पर हमला बोल दिया। उसका भाई मंजीत सिंह और गांव का एक व्यक्ति पलविंदर सिंह आरोपियों के चंगुल से सतनाम को छुड़ाने लगे तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। सतनाम गंभीर जख्मी हो गया, उसे जीरा के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। आरोपी पीड़ित का पर्स छीनकर ले गए, पर्स में 4500 रुपये थे। वारदात की जांच कर रही सब-इंस्पेक्टर सुनीता रानी के मुताबिक पीड़ित के बयान पर सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।