जालंधर। कोरोना महामारी के दौरान मरीजों के इलाज के लिए वसूले जा रहे ज्यादा पैसों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए है। वीरवार को प्रशासन ने एक ऐसी ही शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए कपूरथला चौक स्थिति कैप सीटी स्कैन सेंटर को ऑवरचार्ज करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया। शिकायत के अनुसार सेंटर ने सरकार की ओर से निर्धारित रेट से ज्यादा पैसे वसूले है।
कैप सीटी स्कैंन सैंटर में कोविड मरीज की स्कैनिंग के बदले में उनसे 5 हजार रुपये की मांग की गई है, जबकि जिला प्रशासन की तरफ से इसका रेट 2 हजार रुपये तय किया गया है। इस शिकायत के बाद जिले के डीसी घनश्याम थोरी ने उक्त लैब को कारण बताओ नोटिस जारी करके जवाब देने के निर्देश दिए है।
वहीं डीसी घनश्याम थोरी ने कहा कि कोरोना महामारी के खिलाफ इस युद्ध में किसी भी तरह की लापरवाही और धोखेबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गलती करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से इस तरह के किसी भी मामले को लेकर कंट्रोल रूम नंबर 0181-2224417 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।