जिले के गांव रूपाणा में किसानों ने शुक्रवार को हरदोई (उत्तर प्रदेश) से आए धान से भरे तीन ट्रॉलों को घेरकर उन्हें बंद कर दिया। वहीं वड़िंग में भी किसानों ने यूपी से आए धान से भरे दो ट्रकों को रोका। किसानों ने कहा कि वह इस धान को पंजाब के शैलरों में नहीं जाने देंगे। एक तो पहले ही किसानों को उनकी फसल का पूरा रेट नहीं मिला रहा है। वहीं कुछ शैलर जान-बूझकर यूपी से फसल को कम रेट पर खरीदकर उन्हें नुकसान पहुंचा रहे हैं।
राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष रामपाल ने कहा कि यूपी से आ रहे ट्राले किसानों ने रोके हैं। मुक्तसर, बरीवाला के राइस मिलरों के नाम पर बिल हैं। एसोसिएशन ऐसे मिलरों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि ऐसे मिलरों को पहले ही चेतावनी दी हुई है कि पंजाब के किसान की फसल को पहल के आधार पर खरीदा जाए। कोई राइस मिलर ऐसा करता है तो एसोसिएशन उसका साथ नहीं देगी।
मार्केट कमेटी सचिव सरबजीत का कहना है कि उनके पास अब तक कोई शिकायत नहीं पहुंची है। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। थाना सदर प्रभारी बिशन लाल ने बताया कि ट्राला चालकों के पास बिल समेत सभी कागजात पूरे हैं। उन पर कोई कार्रवाई नहीं बनती है। इस बारे में जो भी कार्रवाई करनी है वह मार्केट कमेटी की तरफ से की जाएगी।