बिजली सरप्लस होने का दावा करने वाले पावरकॉम ने किसानों को 10 जून से आठ
घंटे बिजली सप्लाई देने का दावा किया है। राज्य में 10 जून से धान की बुआई
का सीजन शुरू होने वाला है। इससे पहले ही पावरकॉम के चेयरमैन कम एमडी
इंजीनियर केडी चौधरी ने यह दावा किया है कि किसानों को निरंतर 8 घंटे बिजली
सप्लाई देने को सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।
विभाग की ओर से हर
जोनल हेड क्वार्टर पर स्पेशल कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। जालंधर में
स्थापित किए गए इस कंट्रोल रूम के लिए 96461-16679 नंबर जारी किया गया है।
इस नंबर पर किसान बिजली सप्लाई संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। विभाग का
कहना है कि अगर किसी किसान को 10 जून से आठ घंटे बिजली सप्लाई मिलने में
कोई दिक्कत पेश आती है तो वह अपने जोन वाले फोन नंबर पर शिकायत दर्ज करवा
सकते हैं। वहीं शहरी खपतकारों को बिजली संबंधी परेशानी का हल भी विभाग ने
निकाला है।
शहरी उपभोक्ताओं को अगर कोई शिकायत दर्ज करवानी हो तो वे पंजाब
भर में एक ही नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। अगर उनकी शिकायत पर
कार्रवाई नहीं होती है तो वह भी जोनल हेडक्वार्टर के दिए हुए फोन नंबर पर
शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।