जालंधर में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक ट्रैवल एजेंट ने 20 वर्षीय युवक को पक्के वर्क परमिट पर जर्मनी भेजने का झांसा देकर परिवार से 14 लाख रुपये ऐंठ लिए, लेकिन उसे जर्मनी की बजाय कथित तौर पर अवैध तरीके से ग्रीस पहुंचा दिया। अब युवक वहां बिना उचित दस्तावेजों, रोजगार और रहने की सुरक्षित व्यवस्था के परेशानियों का सामना कर रहा है।
माता-पिता ने गिरवी रखा मकान
हैरानी की बात यह है कि बेटे के विदेश जाने और परिवार का भविष्य संवारने की उम्मीद में माता-पिता ने अपना मकान तक गिरवी रख दिया था। वहीं, जब परिवार ने एजेंट से पैसे वापस मांगे तो आरोप है कि उसने रकम लौटाने से इनकार कर दिया और परिवार का फोन नंबर ब्लॉक कर दिया। परिवार के मुताबिक, उनके 20 वर्षीय बेटे का सपना जर्मनी जाकर काम करने और आर्थिक स्थिति सुधारने का था।
जर्मनी भेजने के नाम पर ठगे 14 लाख
इसी उम्मीद में उसकी कॉलेज की पढ़ाई छुड़वा दी गई और एक महिला ट्रैवल एजेंट तथा उसके साथियों से संपर्क किया गया। एजेंट ने पक्के वर्क परमिट के साथ जर्मनी भेजने का भरोसा देकर 14 लाख रुपये मांगे। बेटे के बेहतर भविष्य की उम्मीद में माता-पिता ने अपना घर गिरवी रखकर पैसों का इंतजाम किया और एजेंट को पूरी रकम दे दी।