जालंधर में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक ट्रैवल एजेंट ने 20 वर्षीय युवक को पक्के वर्क परमिट पर जर्मनी भेजने का झांसा देकर परिवार से 14 लाख रुपये ऐंठ लिए, लेकिन उसे जर्मनी की बजाय कथित तौर पर अवैध तरीके से ग्रीस पहुंचा दिया। अब युवक वहां बिना उचित दस्तावेजों, रोजगार और रहने की सुरक्षित व्यवस्था के परेशानियों का सामना कर रहा है।
माता-पिता ने गिरवी रखा मकान
हैरानी की बात यह है कि बेटे के विदेश जाने और परिवार का भविष्य संवारने की उम्मीद में माता-पिता ने अपना मकान तक गिरवी रख दिया था। वहीं, जब परिवार ने एजेंट से पैसे वापस मांगे तो आरोप है कि उसने रकम लौटाने से इनकार कर दिया और परिवार का फोन नंबर ब्लॉक कर दिया। परिवार के मुताबिक, उनके 20 वर्षीय बेटे का सपना जर्मनी जाकर काम करने और आर्थिक स्थिति सुधारने का था।
जर्मनी भेजने के नाम पर ठगे 14 लाख
इसी उम्मीद में उसकी कॉलेज की पढ़ाई छुड़वा दी गई और एक महिला ट्रैवल एजेंट तथा उसके साथियों से संपर्क किया गया। एजेंट ने पक्के वर्क परमिट के साथ जर्मनी भेजने का भरोसा देकर 14 लाख रुपये मांगे। बेटे के बेहतर भविष्य की उम्मीद में माता-पिता ने अपना घर गिरवी रखकर पैसों का इंतजाम किया और एजेंट को पूरी रकम दे दी।
परिवार को भरोसा दिलाया गया था कि जर्मनी पहुंचते ही युवक को अच्छा काम मिल जाएगा, लेकिन एजेंट के वादे पूरे नहीं हुए। परिवार का आरोप है कि युवक को जर्मनी भेजने की बजाय ग्रीस पहुंचा दिया गया। वहां उसके पास न तो पक्का वर्क परमिट है और न ही रोजगार व रहने की उचित व्यवस्था। युवक के सामने दस्तावेजों और भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। जब परिवार को कथित धोखाधड़ी का पता चला तो उन्होंने एजेंट से संपर्क कर अपनी रकम वापस मांगी।
आरोप है कि एजेंट ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और परिवार के मोबाइल नंबर तक ब्लॉक कर दिए। इसके बाद से परिवार अपने बेटे की सुरक्षा और भविष्य को लेकर बेहद परेशान है। परिवार और संगठन के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बिना लाइसेंस विदेश भेजने का कारोबार करने वाले फर्जी ट्रैवल एजेंटों की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि दूसरे परिवारों को भी इस तरह की ठगी का शिकार होने से बचाया जा सके।
परिवार ने पंजाब के युवाओं और उनके माता-पिता से अपील की है कि विदेश जाने के लालच में किसी भी एजेंट पर आंख बंद करके भरोसा न करें। पैसे देने से पहले एजेंट का लाइसेंस, कंपनी की मान्यता, वर्क परमिट और वीजा से संबंधित सभी दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच जरूर करें।