महानगर जालंधर के छोटी बारादरी, फेज 1 मार्केट में स्थित एक जिम पर पावरकॉम की इंर्फोसमेंट टीम ने दबिश दी है। एक गुप्त सूचना के आधार पर वरिष्ठ कार्यकारी अभियंता, यूनिट नंबर 3, जालंधर के नेतृत्व में सुबह जब जिम पर दबिश दी गई तो जिम मालिक बिजली को कुंडी डालकर चला रहा था। इससे पहले 3 लाख रुपये का बिजली बिल नहीं देने पर जिम का बिजली कनेक्शन काट दिया गया था। इस 10 किलोवाट के कनेक्शन पर बिजली चोरी करने के जुर्म में उपभोक्ता पर 1.75 लाख जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा उस पर केस दर्ज कर लिया गया है, इसमें 3 साल तक की कैद का प्रावधान है।
जालंधर के उप मुख्य अभियंता रजित शर्मा ने कहा कि बिजली चोरी में विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीएसपीसीएल के सीएमडी वेणु प्रसाद के दिशा-निर्देश पर बिजली चोरी करने वालों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। इस कारण बिजली चोरी करने व करवाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।