-डंकी रूट के जरिये अमेरिका भेजने के मामले में कार्रवाई
-विदेश में बैठे एजेंटों को भी हवाला के जरिये भेजी राशि
-
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार को पंजाब और हरियाणा के 11 ट्रैवल एजेंटों के यहां छापा मार कर बड़ी मात्रा में दस्तावेज, कंप्यूटर व अन्य इलेक्ट्राॅनिक्स उपकरण कब्जे में लिए। इन एजेंटों ने डंकी रूट के जरिये बड़ी संख्या में युवाओं को अमेरिका पहुंचाया था।
युवाओं से 40 से 50 लाख रुपये की राशि वसूल की गई। इतना ही नहीं विदेश में बैठे एजेंटों को हवाला के जरिये पैसे भेजे गए। बुधवार को पंजाब के अमृतसर, संगरूर, पटियाला और हरियाणा के अंबाला व करनाल सहित कुल 11 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे गए।
ईडी के सूत्रों के मुताबिक डंकी रूट के जरिये युवाओं को अमेरिका भेजा गया। यहां बैठे एजेंटों ने अमेरिका, मैक्सिको, पनामा व ग्वाटेमाला तक हवाला के जरिये पैसा ट्रांसफर किया। डिपोर्ट किए गए लोगों ने दर्ज करवाई थी शिकायत यह कार्रवाई उन 17 आपराधिक मामलों के आधार पर हुई है, जिनमें डंकी रूट के जरिये विदेश भेजे गए लोगों ने शिकायतें दर्ज करवाई थीं। अमेरिका से डिपोर्ट किए गए अवैध प्रवासियों के बयान दर्ज करने पर इस रैकेट का खुलासा हुआ। डिपोर्ट किए गए लोगों ने बताया कि उन्होंने भारी रकम चुकाकर एजेंटों के जरिये जोखिम भरी यात्रा की थी। उनके बयानों के आधार पर कई दलालों और एजेंटों की पहचान हुई थी और उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।
मोगा में भाकियू प्रधान सुख गिल के घर भी पहुंची टीम
मोगा। सुबह करीब साढ़े 5 बजे ईडी की टीम ने भारतीय किसान यूनियन के प्रधान सुख गिल तोतेवाला घर पर भी जांच की। सुख गिल खुद घर पर नहीं थे। टीम उनके घर से कुछ जरूरी दस्तावेज ले गई है। सुख गिल ने एक वीडियो पोस्ट कर यह जानकारी साझा की और कहा कि मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है।