संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग नीति के खिलाफ आवाज उठाते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष विजय सांपला बुधवार को जालंधर पहुंचे। उन्होंने भूमि अधिग्रहण को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि यह नीति गरीब किसानों के हितों पर सीधा हमला है। यह आप के लिए विनाशकारी सिद्ध होगी।
सांपला ने नीति की आलोचना करते हुए कहा कि इसके लागू होने के बाद गरीब किसान न तो अपनी जमीन बेच पाएगा और न ही उस पर लोन ले सकेगा। ऐसे में उसकी आर्थिक आजादी खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का काम लोगों को उनके हक देना होता है, न कि उनसे उनका हक छीनना। उन्होंने मांग की कि सरकार इस स्कीम पर दोबारा विचार करे और किसानों के हितों की रक्षा करे। पूर्व केंद्रीय सांपला ने कहा कि पंजाब भाजपा पहले ही पानी के मसले पर अपना रुख साफ कर चुकी है। अगर पंजाब के पास पानी ही नहीं है, तो वह किसी को कैसे दे सकता हैं।