शिक्षामंत्री डॉ.दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि शिअद भाजपा सरकार ने हमेशा पंजाब के विकास और पंजाबियों की खुशहाली की प्राथमिकता रखी। शहरों व गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया और साथ ही सेहत, शिक्षा, बिजली, सड़कें समेत हर क्षेत्र में विकास करते हुए पंजाब को देश का अग्रणी राज्य बनाया है।
वह रविवार को गांव गुरु की ढाब स्थित दशम पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह के चरण छोह प्राप्त एतिहासिक गुरुद्वारा साहिब के वार्षिक जोड़ मेले पर आयोजित कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। शिक्षा मंत्री डॉ.चीमा ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए 69400 नए अध्यापक भर्ती किए हैं।
14 हजार अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसे इसी माह पूरा कर लिया जाएगा। राज्य के हर तरफ फोरलेन सड़कें बनाने का काम जारी है और हर वर्ग के लोगों की भलाई के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कांग्रेस व आम आदमी पार्टी को आडे़ हाथों लेते हुए कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकारें रह चुकी है लेकिन उसने कभी कोई अहम प्रोजेक्ट नहीं लगाया। दिल्ली में आप की सरकार की पोल खुल चुकी है और उसके कई विधायक आपराधिक मामलों में फंस चुके हैं।
कांफ्रेंस में शिअद महासचिव व राज्यसभा सांसद बलविंदर सिंह भूंदड़ ने कहा कि एसवाईएल के मुद्दे पर दोगली नीति दिखाकर आप पहले ही साबित चुकी हैं। उसके हाथ में पंजाब के हित सुरक्षित नहीं है जबकि पंजाब के लिए शिअद की कुर्बानियों से इतिहास भरा हुआ है। मौके पर कोटकपूरा के विधायक मनतार सिंह बराड़, हलका इंचार्ज व पूर्व विधायक प्रकाश सिंह भट्टी, पूर्व भाजपा सांसद गुरचरण कौर पंजगराईं. एसजीपीसी सदस्य सुखदेव सिंह बाठ, शेर सिंह मंड, गुरिंदर कौर भोलूवाला मौजूद थीं।