गांव पलाही में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान
पहुंचाए जाने से खासा तनाव उत्पन्न हो गया। इसको लेकर दलित समुदाय में रोष
की लहर दौड़ गई।
बसपा के पूर्व महासचिव जरनैल नंगल, अंबेडकर सेना के हरभजन
सुमन की अगुवाई में दलित समुदाय ने होशियारपुर चौक में पुल के पास समेत तीन
जगह पर धरने लगा कर नारेबाजी की और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने करीब पौना घंटा होशियारपुर रोड पर जाम लगाया।
इस मौके
पर डीएसपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों, सिटी थाना प्रभारी परमसुनील सिंह रंधावा
और सदर थाना प्रभारी सुरिंदर पाल सिंह उपस्थित थे। जानकारी के अनुसार
शनिवार रात किसी ने श्री गुरु रविदास पार्क में लगी डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा
की बाजू को मोड़ दिया। इसकी सूचना मिलने पर तनाव फैल गया। प्रदर्शनकारियों
से डीएसपी फगवाड़ा मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बातचीत की। प्रदर्शनकारी नेता
जरनैल नंगल, हरभजन सुमन ने मांग की कि आरोपियों को मंगलवार तक काबू किया
जाए नही तो बुधवार को फगवाड़ा बंद का आह्वान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने
बुतों की सुरक्षा और तोड़े गए बुत को सरकारी खर्च पर लगवाने की मांग की।
ढिल्लों ने बताया कि घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। मामला दर्ज कर जांच
की जा रही है। इसके बाद धरना उठाया गया।