अबोहर। कोरोना वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया शनिवार से जिले में शुरू हो गई। इसकी शुरुआत एसएमओ डॉ. गगनदीप सिंह के नेतृत्व में सरकारी अस्पताल में हुई। पहले दिन एमएमओ समेत शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. साहब राम, मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. महेश, पीपी यूनिट इंचार्ज लक्ष्मी रानी, जूनियर एसिस्टेंट नरेश कुमार, हेल्थ इंस्पेक्टर भारत सेठी और एएनएम दिनेश रानी को टीका लगाया गया। एसएमओ ने बताया कि पहले चरण में 101 कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। आज जिन डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को यह वैक्सीन लगाई गई। उन्हें आधे घंटे का रेस्ट दिया गया है। वैक्सीन लगवाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को 28 दिन बाद दोबारा दूसरी डोज दी जाएगी। कोविशील्ड वैक्सीन का किसी तरह का कोई साइड इफेक्ट नहीं है लेकिन अगर किसी को इंजेक्शन से एलर्जी है तो उसे यह इंजेक्शन नहीं लगाया जाएगा।
दूसरे चरण में पत्रकारों और पुलिसकर्मियों को लगेगी वैक्सीन
एसएमओ ने बताया कि वैक्सीन को लगवाने के लिए अब तक करीब एक हजार लोग रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। वैक्सीन देने के लिए तीन श्रेणियां बनाई गई हैं । पहली श्रेणी में आशा वर्कर, एएनएम, मेडिकल संचालक, सरकारी व प्राइवेट डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टॉफ को वैक्सीन दी जाएगी। वहीं दूसरी श्रेणी में मीडिया कमियों, सैनिकों और पुलिस कर्मचारियों और तीसरी श्रेणी में 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी।