कहा - सीमावर्ती इलाके के लोगों को होगा बड़ा फायदा
संवाद न्यूज एजेंसी
फाजिल्का। जिले की पहली एमआरआई मशीन फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में स्थापित की जा रही है। विधायक नरेंद्रपाल सिंह सवना ने शुक्रवार को मशीन लगाने के कार्य की शुरुआत करवाई।
सवना ने कहा कि पंजाब सरकार फाजिल्का में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत कर रही है। पहले लोगों को एमआरआई के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ता था, जिससे समय और हजारों रुपये का अतिरिक्त खर्च होता था। अब सरकारी अस्पताल में यह सुविधा मिलने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। सीएम मान का लक्ष्य लोगों को जिले में ही बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिसके लिए अस्पताल को अपग्रेड किया जा रहा है।
एमआरआई मशीन से फाजिल्का शहर और आसपास के गांवों के लोगों को लाभ होगा। गंभीर बीमारियों की जांच के लिए अब दूसरे शहरों में जाने की जरूरत कम होगी। इस अवसर पर एसएमओ, अस्पताल के कर्मचारी, पार्टी के एमसी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।