नगर निगम में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और इसके कारण ही गठबंधन पार्टी के नेताओं में आपसी ठन गई है।
जहां सीनियर डिप्टी मेयर कमलजीत भाटिया ने मेयर सुनील ज्योति के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है वहीं डिप्टी मेयर अरविंदर कौर ओबेराय इन दिनों एक सीडी तैयार करने में जुटी हैं। इसमें निगम में फैला भ्रष्टाचार और कई अन्य राज कैद होंगे। यह सीडी विजिलेंस को सौंपी जाएगी।
डिप्टी मेयर अरविंदर कौर के पति कुलदीप सिंह ओबेराय कई बार निगम में पार्षद बन चुके हैं। अमर उजाला के साथ बातचीत में कुलदीप सिंह ने कहा कि नगर निगम करप्शन का अड्डा बन चुका है, अवैध निर्माण की बाढ़ आ गई है। इससे जनता में गठबंधन सरकार की छवि खराब हो रही है।
कुलदीप ने कहा कि उन्होंने शहर में निगम के अधिकारियों की छत्रछाया में हुई घोटालेबाजी व धांधली को सीडी में रिकार्ड कर लिया है और शीघ्र ही यह विजिलेंस को सौंप दी जाएगी। हालांकि कुलदीप सिंह ओबेराय ने कहा कि वे इस बारे में अभी कोई बात करना चाहते हैं। हालांकि वे शहर में घपलेबाजी को लेकर रिपोर्ट जरूर तैयार कर रहे हैं।
भंडारी ने चुप्पी साधी
मेयर सुनील ज्योति को कुर्सी पर बैठाने के बाद उनका पंगा चार बार सीनियर डिप्टी मेयर से हो चुका है और चारों बार मामला सीपीएस केडी भंडारी ने सुलझाया है। अब भंडारी भी चुप्पी साधे हुए हैं और कहते हैं कि वे इस मामले में अब नहीं पड़ने वाले।
सवा माह से निगम में नहीं आए सीनियर डिप्टी मेयर
सीनियर डिप्टी मेयर कमलजीत भाटिया ने नगर निगम में सवा माह से कदम नहीं रखा है। उनका कहना है कि वे निगम में जाकर क्या करेंगे? निगम में चल क्या रहा है, यह किसी को बताने की जरूरत नहीं है।
उपमुख्यमंत्री के नोटिस में मामला
नगर निगम में चल रही जंग का नोटिस उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल के नोटिस में चार दिन से है लेकिन अभी तक इस मामले को सुलझाने के लिए कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जिला शिअद प्रधान गुरचरण सिंह चन्नी व भाजपा प्रधान सुभाष सूद में काफी ठनी हुई है।