उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने ईसाई भाईचारे के लोगों को पांच-पांच मरला जमीन देने की घोषणा की है। इसके लिए क्रिश्चियन वेलफेयर बोर्ड को आदेश दिया है कि जल्द से इसकी सूची तैयार कर उनको भेजी जाए। ताकि ईसाई भाईचारे के लोगों को सरकारी जमीनों को अलॉट किया जा सके। सुखबीर बादल वीरवार को जालंधर के ट्रिनिटी कॉलेज में ईसाई भाईचारे की ओर से आयोजित सद्भावना रैली को संबोधित कर रहे थे।
डिप्टी सीएम ने घोषणा की कि माझा की धरती पर मदर टेरेसा की प्रतिमा सरकार लगवाएगी। बाकायदा सरकारी राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक मुख्य मार्ग का नाम भी मदर टेरेसा के नाम पर रखा जाएगा। सुखबीर ने कहा कि ईसाई भाईचारे के लोगों को 200 यूनिट बिजली मुफ्त का प्रस्ताव पास हो चुका है। सरकार ने ईसाई भाईचारे के लोगों के लिए एक बोर्ड का गठन किया है, ताकि सरकार तक ईसाई भाईचारे की दिक्कतें पहुंच सके।
सुखबीर बादल का ट्रिनिटी कालेज पहुंचने पर बिशप फ्रैंको मुलकल्ल के अलावा फादर पीटर ने स्वागत किया। बिशप फ्रैंको मुलकल्ल ने कहा कि उनके लिए गर्व की बात है कि रोम में मदर टैरेसा जो सम्मान दिया जा रहा है, उसमें भारत सरकार की मंत्री हरसिमरत कौर बादल शिरकत करने जा रही हैं।
उनहोंने कहा कि जल्द ही ईसाई समुदाय के लोग अपनी महासभा बुलाएंगे ताकि भाईचारे को लोग एकजुट हो सकें। इस दौरान राजस्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया, विधायक मनोरंजन कालिया, केडी भंडारी, पवन कुमार टीनू और सेवा सिंह सेखवां मौजूद थे। इस दौरान मजीठिया ने कहा कि मुझे कुछ नहीं चाहिए, बस फादर आप अरदास करें कि सीएम बादल साहब की उम्र लंबी हो और पंजाब तरक्की की राह पर चलता रहे।
डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने कहा कि शिअद की ओर से अपने उम्मीदवारों की सूची तो काफी समय पहले ही तैयार कर ली गई थी। उनकी अधिकारिक घोषणा कब होगी, यह कहा नहीं जा सकता। लेकिन जिन लोगों की टिकट फाइनल हुई है, उनको कान में बताकर फील्ड में उतार दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में सॉलिड वेस्ट प्रोजेक्ट को रिव्यू किया जाएगा, अगर लोग इनके हक में हैं तो ही लगाया जाएगा अन्यथा बंद कर दिया जाएगा। सिद्धू और आप के बीच मामला फिट न बैठने के सवाल पर सुखबीर ने कहा कि यह मामला भाजपा का है, इसमें वह क्या कह सकते हैं।