फरीदकोट। पुरानी अनाज मंडी में कारोबारी अमित सेठी और उनके बेटे जय सेठी पर जानलेवा हमला हुआ। हमले में जय सेठी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के विरोध में मंडी के दुकानदारों ने दुकानें बंद कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। बुधवार देर शाम जय सेठी की मोटरसाइकिल सवार दो युवकों से कहासुनी हुई थी। पिता अमित सेठी के बीच-बचाव करने पर युवकों ने उनसे भी दुर्व्यवहार किया। बाद में युवक अपने साथियों संग लौटे और पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। व्यापार मंडल के प्रधान वरिंदर शाह ने व्यापारियों की सुरक्षा पर चिंता जताई। थाना सिटी के थाना प्रभारी राजवंत सिंह ने बताया कि पुलिस बयान दर्ज कर रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।