होशियारपुर रोड पर किशनपुरा के पास शेरे पंजाब की गली में टेलर मास्टर की हत्या उसके सहयोगी ने ही कर डाली। दोनों एक ही कमरे में रहते थे। हत्या की गुत्थी को पुलिस ने चंद घंटों में ही सुलझाते हुए आरोपी को काबू कर लिया है। पुलिस ने टेलर मास्टर का काम करने वाले उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी राजिंदर की हत्या करने वाले जूनियर टेलर होशियारपुर निवासी सन्नी मरवाहा को उस वक्त गिरफ्तार कर लिया जब वह शहर छोड़ने की फिराक में था। सन्नी ने राजिंदर के सिर पर ईंट मारकर उसकी हत्या की थी।
राजिंदर की हत्या करने के बाद सन्नी मरवाहा कमरे को ताला लगाकर मौके से फरार हो गया था। रात को लड़ाई की आवाज सुनने के बाद सुबह जब पड़ोसी पूछने गए तो कमरे में ताला लगा था लेकिन खिड़की से देखा तो अंदर राजिंदर पड़ा था। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना रामामंडी पुलिस को दी।
पुलिस ने मामले में कई टीमों को दबिश के लिए उतार दिया क्योंकि यह साफ था कि सन्नी मरवाहा ने ही हत्या की है। एसीपी निर्मल सिंह ने कहा कि टेलर मास्टर राजिंदर और उसका जूनियर सन्नी मरवाहा एक ही दुकान पर काम करते थे। दोनों एक साथ ही शेरे पंजाब गली में एक घर के पहली मंजिल पर रहते थे। दोनों में गुरुवार रात को किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों मारपीट पर उतर आए। सन्नी ने ईंट उठाकर राजिंदर के सिर पर दे मारी, जिससे उसकी मौत हो गई।