छत्तीसगढ़ में फंसे बीएसएफ इंस्पेक्टर की बेटी का जन्मदिन मनाते जालंधर के डीसी वरिंदर शर्मा और पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर।
सोमवार को जालंधर के डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा और पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने एक सैनिक की बेटी का जन्मदिन मनाया और कहा कि वह उनके पिता सामान हैं। सोमवार को छत्तीसगढ़ में ड्यूटी दे रहे बीएसएफ इंस्पेक्टर की बेटी के लिए दोनों अधिकारियों ने ‘पिता’ की भूमिका निभाई और जन्मदिन सेलिब्रेशन में केक लेकर शरीक हुए और बेटी की पीठ थपथपाई।
लड़की के पिता दयानंद कोरोना वायरस संकट के कारण छत्तीसगढ़ में एंटी नक्सल ऑपरेशन में तैनात हैं। कर्फ्यू और लॉकडाउन के कारण वह घर नहीं आ पाये। सोमवार को बीडीएस कर रही उनकी बेटी कोमलदीप स्वान का जन्मदिन था। जब यह मामला डीसी और पुलिस कमिश्नर के ध्यान में लाया गया तो दोनों ने कोमल का जन्मदिन मनाने का फैसला किया।
दोनों अफसर बीएसएफ जवान के काला संघिया रोड स्थित ईश्वर नगर गए और सुनिश्चित किया कि देश सेवा में जुटे वीर इंस्पेक्टर की बेटी के जन्मदिन सेलिब्रेशन में कोई कमी न रह जाए। पूरा इलाके व मोहल्ले के लोग अचानक पुलिस की गाड़ियां देखकर हैरान हो गए लेकिन बाद में तालियां बजाकर पुलिस का धन्यवाद किया।
कोमल और उनके घरवाले उस समय चकित रह गए जब डीसी और पुलिस कमिश्नर उनके घर केक और गिफ्ट लेकर पहुंचे। कोमलदीप और उनकी मां कमलजीत कौर ने डीसी और पुलिस कमिश्नर का इस कदम के लिए आभार व्यक्त किया। कमिश्नर भुल्लर ने कहा कि कोमलदीप उनकी बेटी की तरह है और उनका फर्ज बनता है कि देश के योद्धा की बेटी का जन्मदिन वह खुद आकर मनाए बस इसी कारण मैं खुद को रोक नहीं पाया।