अबोहर। अबोहर-श्रीगंगानगर रोड मंडी खुईयां सरवर में नाई की दुकान चलाने वाले 18 वर्षीय युवक को गांव दौलतपुरा निवासी कुछ लोगों ने बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा। यही नहीं, कमरे में बंधक बनाकर उसे कथित तौर पर पेशाब पिलाने का प्रयास किया। घटना गांव के सरपंच के घर में हुई है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित युवक के परिजनों की गुहार पर सरपंच की मां ने उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। बाद में उसे सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। थाना खुईयां सरवर मामले की जांच कर रही है।
सरकारी अस्पताल में दाखिल विनोद कुमार ने बताया कि वह खुईयां सरवर में नाई की दुकान चलाता है। मंडी में दुकानदारों की हड़ताल समाप्त होने के कारण वह पैदल अपने दोस्त राजू के साथ घर जा रहा था। बिजलीघर के पास ही एक बाइक पर आए चार युवकों ने उसे पकड़ लिया और बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। विनोद ने आरोप लगाया कि उक्त चारों युवक उसे पीटते हुए गांव दौलतपुरा के सरपंच की गैस एजेंसी में ले गए जहां उसके कपड़े उतार कर मारपीट की और दो छात्राओं से भी उसे बुरी तरह पिटवाया।
इसके बाद उन्होंने कमरे में बंद करके उसे कथित तौर पर पेशाब पिलाने का प्रयास किया। विनोद ने बताया कि उसके माता-पिता खेतों में गेहूं काटने गए थे जबकि लोगों द्वारा सूचना मिलने पर उसकी बुआ इंदिरा देवी और फूफा ने मौके पर पहुंच कर उसे छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनकी एक न सुनी। बाद में सरपंच की माता ने उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया।
विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी युवक उसकी बहन से छेड़छाड़ करते थे। जब उसने रोकने का प्रयास किया तो इसी रंजिश के चलते उक्त युवकों ने उससे मारपीट की और उस पर ही लड़कियों से छेड़छाड़ का आरोप लगा दिया। इधर थाना खुईयां सरवर की प्रभारी राजबीर कौर ने बताया कि मामले की शिकायत आते ही वे कार्रवाई करेंगी। वहीं पीड़ित विनोद के परिजनों ने कहा कि अगर पुलिस ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की तो वे परिवार सहित एससीएसटी आयोग के समक्ष पेश होंगे।