डॉ. एसपी सिंह ओबेराय को बाबा फरीद अवार्ड से नवाजा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। पांच दिवसीय बाबा फरीद आगमन पर्व के अंतिम दिन सोमवार को शहर में विशाल नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और यहां के ऐतिहासिक गुरुद्वारा टिल्ला बाबा फरीद और गुरुद्वारा गोदड़ी साहिब में माथा टेका।
गुरुद्वारा गोदड़ी साहिब में हुए धार्मिक समारोह में एनआरआई समाजसेवी डॉ.एसपी सिंह ओबेराय को इस साल के बाबा फरीद मानवता सेवा अवार्ड से नवाजा गया, जिसमें उन्हें एक लाख के नकद पुरस्कार समेत दोशाला, सिरोपा व साइटेशन भेंट की गई।
नगर कीर्तन से पहले सुबह गुरुद्वारा टिल्ला बाबा फरीद में पाठ के भोग डाले गए। अरदास के बाद श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया और पांच प्यारों की अगुवाई में विशाल नगर कीर्तन की शुरुआत की गई। पूरे रास्ते में जगह-जगह नगर कीर्तन का भव्य स्वागत हुआ और विभिन्न संस्थाओं ने तरह तरह के पकवानों के लंगर भी लगाए। नगर कीर्तन में छोटे बच्चों समेत रागी जत्थों ने बाबा फरीद की वाणी सुनाकर संगत को निहाल किया। बाबा फरीद पब्लिक स्कूल के बैंड समेत पुलिस बैंड ने मधुर धुनों से सभी का मन मोह लिया। गतका दल के सदस्यों ने अपने करतब दिखाए। बाबा फरीद मेले में अपने कार्यक्रम पेश करने पहुंचे दूसरों राज्यों के कलाकार भी नगर कीर्तन में शामिल हुए। नगर कीर्तन के गुरुद्वारा गोदड़ी साहिब पहुंचने पर बाबा फरीद सोसाइटी के पदाधिकारियों ने पांच प्यारों को सिरोपा देकर सम्मानित किया। इस दौरान संगत ने गुरुद्वारा गोदड़ी साहिब के पवित्र सरोवर में स्नान करके लंगर भी ग्रहण किया।
-
फोटो 23एफआरडी2, फोटो 23एफआरडी3, फोटो 23एफआरडी 4