नकोदर। विश्वकर्मा मंदिर के पीछे वाली गली में स्थित मनी एक्सचेंजर के मालिक पर कातिलाना हमला कर लुटेरों ने 32 लाख की लूट की घटना को अंजाम दिया।
वारदात में शामिल तीन लुटेरे एक्सचेंज मालिक की स्कूटी भी लेकर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है।
गोविंद मनी एक्सचेंज का मालिक किशन कुमार बुधवार की देर शाम अपना कार्यालय बंद कर स्कूटी पर सवार होकर घर के लिए चला था।
अभी वह विश्वकर्मा मंदिर के पीछे वाली गली में पहुंचा था कि बाइक पर बैठे तीन लुटेरों ने उस पर हाकी से प्रहार कर दिया। हाकी उनके सिर पर लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा।
इसके बाद लुटेरों ने उनकी स्कूटी उठाई और फरार हो गए। स्कूटी की डिग्गी में 16 लाख की विदेशी करेंसी के अलावा 16 लाख की भारतीय मुद्रा भी थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच इस बात को लेकर चल रही है कि संभवत: किसी ने घटना को अंजाम देने के मामले में लुटेरों की मदद की होगी।
पुलिस का दावा है कि लुटरों ने योजनाबद्घ तरीके से घटना को अंजाम दिया।