पैसों के लेन-देन के विवाद में एक दंपति ने घर में घुसकर महिला पर मिट्टी
का तेल छिड़क कर आग लगा दी। 40 फीसदी झुलसी महिला को उसके परिजनों ने सिविल
अस्पताल में भर्ती कराया। थाना सिटी की पुलिस ने दंपति के खिलाफ
इरादा-ए-कत्ल का मामला दर्ज किया है।
सिटी पुलिस को दिए बयान में
पीड़ित महिला रोजी अग्रवाल पत्नी नरेश कुमार अग्रवाल निवासी पुराना अस्पताल
ने बताया कि उसने शेखर और उसकी पत्नी पूजा के कमेटियों के लेन-देन के 20
हजार रुपये देने थे। 13 मई की सुबह पूजा व शेखर दोनों उसके घर आए और पैसे
मांगने लगे। उसने कहा कि अभी उसके पास पैसे नहीं हैं। बाद में दे देंगे। इस
पर पूजा और शेखर ने गालियां देनी शुरू कर दी।
पूजा ने उसे बालों से पकड़कर
घसीटा और पास ही पड़ा मिट्टी का तेल उस पर छिड़ककर आग लगा दी। मारपीट में
पूजा ने उसके हाथों में पहले सोने के कंगन और सोने की चेन उतार ली और उसके
पति ने अंदर बेडरूम में रखे 35 हजार रुपये उठा लिए और फरार हो गए। उसे उसके
पति और अन्य परिजनों ने सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। थाना सिटी की
पुलिस ने दंपति के खिलाफ इरादा-ए-कत्ल का मामला दर्ज कर लिया है।