जालंधर में सेना की वर्दी में दो संदिग्ध देखे गए।
- फोटो : संवाद
भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालातों के बीच पंजाब के जालंधर में उस समय हड़कंप मच गया जब वहां सेना की वर्दी में दो संदिग्ध देखे गए। जालंधर की थ्री स्टार कॉलोनी में देर रात सेना की वर्दी में दो संदिग्धों को देखा गया है। दोनों संदिग्धों के पास बंदूकें भी थी।
कॉलोनी में स्थित मंदिर के पुजारी ने कहा कि देर रात सेना की वर्दी में आए दो लोगों ने मंदिर का दरवाजा खटखटाया था। उसने जब मोबाइल की टॉर्च जला कर बिना गेट खोले बाहर देखा तो वर्दी में दो संदिग्ध खड़े थे। उनके कंधे पर इंडियन आर्मी लिखा था और दोनों के पास राइफलें थी। संदिग्धों ने उससे पानी मांगा। इससे पहले वह कुछ बोलता एक ने खाने के बारे पूछा तो पंडित शिवम को शक हुआ। पंडित शिवम ने कहा कि उसने फोन करके खाने के बारे पूछने की बात कही तो यह सुन कर दोनों यह कह कर आगे बढ़ गए कि लाइट बंद ही रखना और दीवार के साथ खड़े रहना।
शिवम ने कहा कि उसने ध्यान से देखा तो उनके साथ दो लोग और थे जो बाइक पर आगे खड़े थे। चारों फिर बाइक पर सवार होकर खेतों की तरफ चले गए। फिलहाल मामला संदिग्ध भी माना जा रहा है। देर रात होने के कारण किसी अधिकारी का पक्ष सामने नहीं आया था। हालांकि सूचना कंट्रोल रूम पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी थी। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है। आसपास के लोग और मंदिर कमेटी के सदस्य भी देर रात मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सूचना को वेरीफाई कर रहे हैं फिलहाल संदिग्धों को लेकर अभी कोई अपडेट नहीं है। हालांकि पुलिस संदिग्धों के बारे में बता लगाने की कोशिश कर रही है।