किशनगढ़ रोड पर शुक्रवार को बाइक और ट्रक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत और एक घायल हो गया। मृतक व्यक्ति की पहचान विक्रम निवासी किशनगढ़ के तौर पर हुई है।
घायल युवक किशनगढ़ निवासी जस्सी ने बताया कि वह और उसका साथी विक्रम किसी काम से करतारपुर से आ रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस दौरान उसके साथी विक्रम के सिर पर गंभीर चोटें लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना करतारपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
इसके अलावा करतारपुर निवासी विद्यासागर को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार कर गंभीर जख्मी कर दिया। उसे लोगों ने सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया है। विद्यासागर के अनुसार वह पैदल अपने काम से घर लौट रहा था कि अचानक सामने से तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। राहगीरों ने उसे करतारपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जालंधर सिविल अस्पताल में रेफर किया गया।
कपूरथला रोड पर गांव मंड के पास साइकिल सवार को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार घायल कर दिया। घायल अजय निवासी फिरोज पिंड को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया।